
एमवी होंडियस में हंतावायरस का कहर, दो भारतीय सुरक्षित निकाले गए
नीदरलैंड के जहाज एमवी होंडियस में हंतावायरस फैलने के बाद हड़कंप मच गया है। जहाज पर सवार दो भारतीय क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया है और वे पूरी तरह स्वस्थ हैं।
HantaVirus : डच जहाज एमवी होंडियस पर हंतावायरस के प्रकोप की खबर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। इस लग्जरी क्रूज शिप पर करीब 150 लोग सवार थे, जिनमें दो भारतीय क्रू मेंबर भी शामिल थे। स्पेन स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को पुष्टि की है कि दोनों भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालकर नीदरलैंड भेज दिया गया है। अच्छी खबर यह है कि ये दोनों भारतीय वर्तमान में स्वस्थ हैं और उनमें वायरस का कोई लक्षण नहीं मिला है। ओशनवाइड एक्सपीडिशन द्वारा संचालित यह जहाज 1 अप्रैल को अर्जेंटीना के उशुआया से रवाना हुआ था और रविवार को स्पेन के कैनरी द्वीप पहुंचा, जहां वायरस की जानकारी मिलने के बाद इसे रोक दिया गया। स्पेनिश अधिकारियों और डब्ल्यूएचओ (WHO) की टीम अब यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य जांच में जुटी हुई है।
स्पेन में रेस्क्यू ऑपरेशन
स्पेन के कैनरी द्वीप में जहाज के लंगर डालते ही डब्ल्यूएचओ और स्पेनिश अधिकारियों ने मिलकर एक कड़ा प्रोटोकॉल लागू किया। स्पेनिश नेशनल सेंटर फॉर इमरजेंसी मॉनिटरिंग एंड कोऑर्डिनेशन (CENEM) के अनुसार, दोनों भारतीय क्रू मेंबर्स को वहां से रेस्क्यू कर नीदरलैंड ले जाया गया है। वहां उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत क्वारंटीन में रखा जाएगा ताकि पूरी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
भारतीय राजदूत रख रहे नजर
स्पेन में भारत के राजदूत जयंत एन खोबरागड़े इस पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वह स्पेनिश अधिकारियों और दोनों भारतीय नागरिकों के साथ सीधे संपर्क में हैं। दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि भारतीयों की भलाई और सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस अदनोम घेब्येयियस ने भी सोशल मीडिया के जरिए यात्रियों के आकलन और चार्टर उड़ानों के समन्वय की जानकारी दी है।
संक्रमण से अब तक तीन मौतें
जहाज पर वायरस का संक्रमण काफी गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक इस प्रकोप से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, जहाज से उतरने वाले यात्रियों में से कम से कम पांच लोग हंतावायरस से संक्रमित पाए गए हैं। हालांकि, स्पेनिश स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल जहाज से उतारे गए बाकी यात्रियों में संक्रमण के कोई लक्षण नहीं दिख रहे हैं।
कैसे फैलता है हंतावायरस?
हंतावायरस मुख्य रूप से संक्रमित चूहों के संपर्क में आने से मनुष्यों में फैलता है। उनके लार, मूत्र या मल के सीधे संपर्क में आने या खराब हवादार जगहों जैसे गोदामों और जहाजों में इनके कणों को सांस के जरिए अंदर लेने से संक्रमण हो सकता है। इसके लक्षण आमतौर पर संपर्क में आने के एक से आठ सप्ताह के बीच दिखाई देते हैं।
(हेडलाइन को छोड़कर, इस स्टोरी को द फेडरल स्टाफ ने एडिट नहीं किया है और यह सिंडिकेटेड फ़ीड से ऑटो-पब्लिश की गई है।)
Next Story

