
होर्मुज स्ट्रेट में भारतीय जहाज पर ड्रोन हमला, समंदर में डूबा ‘हाजी अली’
ओमान तट के पास भारतीय कार्गो जहाज ‘हाजी अली’ ड्रोन हमले के बाद डूब गया। सभी 14 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास भारत के एक मालवाहक जहाज पर बड़ा हमला हुआ है। ‘हाजी अली’ नाम का यह कार्गो शिप ओमान के समुद्री तट के करीब ड्रोन या मिसाइल हमले का शिकार हो गया। धमाका इतना तेज था कि जहाज में आग लग गई और कुछ ही देर में वह समुद्र में डूब गया।ईरान युद्ध के बीच भारतीय जहाज पर हमले की यह चुनिंदा घटनाओं में से एक मानी जा रही है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि हमला किसने किया।रिपोर्ट के मुताबिक जहाज पर कुल 14 क्रू सदस्य सवार थे। ओमान की नौसेना ने सभी लोगों को सुरक्षित बचा लेने का दावा किया है।
गुजरात का था जहाज
‘हाजी अली’ (MSV HAJI ALI BDI 1492) गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले से जुड़ा मालवाहक जहाज था। अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में भारतीय जहाज डूबने की यह दूसरी घटना है। गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले ही गुजरात का एक और जहाज ‘अल फैज नूर सुलेमानी-1’ होर्मुज स्ट्रेट में ईरान और अमेरिका के बीच हुई गोलीबारी के दौरान डूब गया था। लगातार बढ़ते तनाव का असर अब गुजरात के शिपिंग कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है।
कैसे हुआ हमला?
घटना बुधवार, 13 मई की सुबह करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। जहाज सोमालिया के बरबरा बंदरगाह से शारजाह जा रहा था।जब जहाज ओमान के लिमाह इलाके के पास पहुंचा, तभी एक ड्रोन या मिसाइल जोरदार धमाके के साथ जहाज से टकराई। टक्कर के बाद जहाज में भीषण आग लग गई और वह धीरे-धीरे डूबने लगा।स्थिति बिगड़ती देख जहाज पर मौजूद सभी 14 क्रू सदस्यों ने तुरंत इमरजेंसी सिग्नल भेजा और लाइफबोट्स के जरिए खुद को बचाने की कोशिश की।
ओमान कोस्ट गार्ड ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया। बाद में उन्हें ओमान के दीबा पोर्ट पहुंचाया गया।जहाज के मालिक सुल्तान अहमद संघार ने भी पुष्टि की है कि सभी क्रू सदस्य सुरक्षित हैं।
जांच में जुटी ओमान पुलिस
हमले के बाद ओमान पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जहाज पर हमला किसने किया। वहीं भारतीय नाविकों को वापस लाने की कोशिशें भी शुरू कर दी गई हैं।
भारत ने जताई कड़ी आपत्ति
विदेश मंत्रालय ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि ओमान तट के पास भारतीय ध्वज वाले जहाज पर हमला पूरी तरह अस्वीकार्य है।भारत ने कहा कि लगातार कमर्शियल जहाजों और नागरिक नाविकों को निशाना बनाया जाना बेहद गंभीर मामला है।
विदेश मंत्रालय ने ओमानी अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि भारतीय चालक दल सुरक्षित है और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ओमान ने तुरंत कार्रवाई की।भारत ने दोहराया कि व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाना, निर्दोष नाविकों की जान खतरे में डालना और समुद्री व्यापार व नौवहन की स्वतंत्रता में बाधा डालना किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है।

