
कैलिफोर्निया में लापता भारतीय छात्र साकेत की संदिग्ध मौत, शव बरामद
अमेरिका की बर्कले यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे कर्नाटक के छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव बरामद हुआ है। 9 फरवरी से लापता साकेत की मौत से परिवार में कोहराम मचा।
Indian Student Found Dead In USA : अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक भारतीय छात्र की मौत की खबर ने सबको स्तब्ध कर दिया है। पिछले छह दिनों से लापता 22 वर्षीय साकेत श्रीनिवासैया का शव स्थानीय पुलिस ने बरामद कर लिया है। साकेत कर्नाटक के रहने वाले थे और यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया बर्कले में इंजीनियरिंग के छात्र थे। वह 9 फरवरी को लापता हुए थे, जिसके बाद से उनकी तलाश जारी थी। सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस दुखद खबर की आधिकारिक पुष्टि की है। दूतावास ने साकेत के परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। साकेत के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत भेजने के लिए सभी जरूरी सहायता प्रदान की जा रही है। इस घटना ने विदेश में पढ़ रहे भारतीय छात्रों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
6 दिन तक चली व्यापक तलाश
साकेत को आखिरी बार यूनिवर्सिटी कैंपस से करीब एक किलोमीटर दूर देखा गया था। उनके लापता होने के बाद लेक अंज़ा और बर्कले हिल्स क्षेत्रों में शहरव्यापी तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस और स्थानीय लोग लगातार उनकी खोजबीन में जुटे हुए थे। तलाशी के दौरान टिल्डेन रीजनल पार्क के पास एक घर के समीप साकेत का बैग मिला था। इस बैग में उनका पासपोर्ट और लैपटॉप मौजूद था।
सोशल मीडिया पर भी चला था अभियान
साकेत की तलाश में सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोग एकजुट हुए थे। रेडिट (Reddit) जैसे प्लेटफॉर्म्स पर उन्हें ढूंढने के लिए विशेष थ्रेड्स बनाए गए थे। समुदाय के सदस्यों ने ऑनलाइन माध्यम से साकेत का पता लगाने के लिए ठोस प्रयास किए थे। हालांकि इतनी कोशिशों के बाद भी साकेत को जीवित नहीं बचाया जा सका। शनिवार को पुलिस ने उनका शव बरामद होने की पुष्टि कर दी।
ब्रिलियंट स्टूडेंट और पेटेंट होल्डर थे साकेत
साकेत श्रीनिवासैया शैक्षणिक रूप से बेहद प्रतिभाशाली छात्र थे। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा बेंगलुरु के श्री वाणी एजुकेशन सेंटर से पूरी की थी। वह आईआईटी मद्रास के पूर्व छात्र भी रह चुके थे। बर्कले में वह केमिकल और बायोमोलेक्यूलर इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री कर रहे थे। उनके नाम 'हाइपरलूप के लिए माइक्रोचैनल कूलिंग सिस्टम' के आविष्कार का पेटेंट भी दर्ज था। उनके दोस्तों ने उन्हें विनम्र, बुद्धिमान और वफादार व्यक्तित्व वाला बताया है।
विदेशों में छात्र सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
हाल के दिनों में विदेशों में भारतीय छात्रों के साथ हो रही घटनाएं बढ़ी हैं। लोकसभा में सांसद असदुद्दीन ओवैसी द्वारा छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल भी उठाया गया था। विदेश मंत्रालय ने जवाब में कहा कि भारतीय मिशन विदेशी विश्वविद्यालयों में छात्रों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखते हैं। छात्रों को संभावित चुनौतियों और जोखिमों के बारे में ब्रीफिंग देने के लिए ओरिएंटेशन सत्र भी आयोजित किए जाते हैं। समय-समय पर जरूरी एडवाइजरी भी जारी की जाती है।
वाणिज्य दूतावास हर संभव मदद में जुटा
सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय दूतावास साकेत के परिवार के साथ निरंतर संपर्क में है। दूतावास ने आश्वासन दिया है कि शव को भारत भेजने की प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है। कर्नाटक में रह रहे साकेत के माता-पिता इस समय गहरे सदमे में हैं। स्थानीय भारतीय समुदाय भी शोक संतप्त परिवार की मदद के लिए आगे आया है। साकेत की लंबाई छह फीट एक इंच थी और वह दिखने में काफी प्रभावशाली थे।
Next Story

