ईरान-अमेरिका वार्ता के बीच फिर बढ़ा तनाव: होर्मुज में भारतीय जहाजों पर हमला
x

ईरान-अमेरिका वार्ता के बीच फिर बढ़ा तनाव: होर्मुज में भारतीय जहाजों पर हमला

शांति वार्ता की चर्चाओं के बीच ईरान और अमेरिका में तनाव चरम पर। होर्मुज मार्ग फिर बंद, भारतीय जहाजों पर फायरिंग के बाद ट्रंप ने दी दोबारा बमबारी की चेतावनी।


Click the Play button to hear this message in audio format

Iran Vs USA : ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता को लेकर बेशक चर्चा तेज है, लेकिन एक बार फिर दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। एक तरफ मेज पर कूटनीतिक बातचीत जारी है, तो दूसरी तरफ समुद्र में बारूद की गंध ने शांति की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। दो सप्ताह का मौजूदा सीजफायर बुधवार को समाप्त होने वाला है, और इस डेडलाइन से पहले होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में हुई ताजा हिंसा ने युद्ध की आहट तेज कर दी है।

शांति की चर्चा के बीच 'युद्ध' जैसे हालात

ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर घलीबाफ ने शनिवार को टीवी पर साफ कर दिया कि समझौते की मंजिल अभी कोसों दूर है। उन्होंने कहा कि वार्ता में "प्रगति" के बावजूद कई बुनियादी मुद्दों पर गहरी खाई है। घलीबाफ ने दावा किया कि ईरान ने युद्धविराम केवल इसलिए माना क्योंकि उसकी शर्तें स्वीकार कर ली गई थीं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि ईरान ने मैदान में जीत हासिल की है और होर्मुज जैसे रणनीतिक मार्ग पर उसका पूरा नियंत्रण है।

होर्मुज में भारत को बनाया निशाना: दिल्ली ने राजदूत को किया तलब

इस बढ़ते तनाव की सबसे खतरनाक तस्वीर तब दिखी जब शनिवार को दो भारतीय जहाजों, 'जग अर्नव' (Jag Arnav) और 'सनमार हेराल्ड' (Sanmar Herald) पर ईरानी गनबोट्स ने सीधी फायरिंग कर दी। ये जहाज ओमान के उत्तर-पूर्व में शिपिंग लेन में थे, जिन्हें हमले के बाद वापस मुड़ना पड़ा। भारत ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए ईरानी राजदूत को तलब किया है। विदेश मंत्रालय ने मर्चेंट शिपिंग की सुरक्षा को लेकर अपनी "गहरी चिंता" व्यक्त की और सुरक्षित मार्ग बहाल करने की मांग की।

ट्रंप का अल्टीमेटम: 'ब्लैकमेल नहीं चलेगा, बमबारी के लिए रहें तैयार'

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस तनावपूर्ण स्थिति के बीच ईरान को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका को ब्लैकमेल नहीं किया जा सकता। ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर बुधवार तक कोई दीर्घकालिक और ठोस समझौता नहीं हुआ, तो वे फिर से बमबारी (Strikes) शुरू करने का आदेश दे सकते हैं। ट्रंप ने ईरान के 'होर्मुज को बार-बार बंद और खोलने' के कदम को "चालाकी" करार दिया और कहा कि अमेरिका एक बेहद सख्त स्टैंड ले रहा है।

ईरान का पलटवार: होर्मुज फिर से पूरी तरह बंद

तनाव की सबसे बड़ी वजह होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान का 'फ्लिप-फ्लॉप' रवैया है। शुक्रवार को मार्ग खोलने के ऐलान के ठीक 24 घंटे बाद, शनिवार को ईरानी सेना ने इसे फिर से बंद कर दिया। यह यू-टर्न तब आया जब ट्रंप ने ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखने पर जोर दिया। जवाब में ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने घोषणा की है कि किसी भी जहाज की आवाजाही को "दुश्मन के साथ सहयोग" माना जाएगा और उसे निशाना बनाया जाएगा।

Read More
Next Story