हवा हुई ट्रंप की चेतावनी, इजरायल के मंत्री बोले- पूरा लेबनान जलना चाहिए
x

हवा हुई ट्रंप की चेतावनी, इजरायल के मंत्री बोले- पूरा लेबनान जलना चाहिए

अमेरिका-ईरान समझौते के बीच लेबनान पर इजरायल के भीषण हमले। कमांडर की मौत के बाद इजरायली मंत्री इतामार बेन गवीर का भड़काऊ बयान, कहा- पूरा लेबनान जलना चाहिए।


Click the Play button to hear this message in audio format

Israel Lebanon : अमेरिका और ईरान के बीच हुए ऐतिहासिक शांति समझौते के बावजूद मिडिल ईस्ट (पूर्वोत्तर एशिया) की जमीन सुलग रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सख्त हिदायतों और चेतावनियों को दरकिनार करते हुए इजरायल ने लेबनान पर अपने हमले और तेज कर दिए हैं। शुक्रवार, 19 जून 2026 को इजरायली वायुसेना ने लेबनान की बेका घाटी में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर ताबड़तोड़ नए हवाई हमले किए। इजरायल का आरोप है कि हिजबुल्लाह ने सीजफायर (युद्धविराम) का उल्लंघन किया है, जिसमें आईडीएफ (IDF) के एक बड़े सैन्य कमांडर समेत चार सैनिकों की मौत हो गई है। वहीं, इन हमलों के बीच इजरायल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन गवीर ने बेहद खौफनाक और भड़काऊ बयान देते हुए कहा है कि 'अब पूरा लेबनान जलना चाहिए।'


टैंक बटालियन कमांडर की मौत से भड़का इजरायल
तनाव की ताजा वजह दक्षिणी लेबनान में हुआ एक संदिग्ध ड्रोन हमला है। इजरायल के मुताबिक, हिजबुल्लाह के इस हमले में 401वीं आर्मर्ड ब्रिगेड की 52वीं बटालियन के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल डोर गेदालिया बेन सिम्होन (32 वर्ष) और उनके तीन साथी सैनिक मारे गए। अपने इतने बड़े अधिकारी को खोने के बाद इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) आगबबूला हो गई। जवाब में इजरायली वायुसेना ने बेका घाटी को हवाई हमलों से दहला दिया। इससे पहले गुरुवार की रात हुए इजरायली हमलों में लेबनान के 16 नागरिकों की मौत की खबर आई थी।

इतामार बेन गवीर की सनक: 'हर इजरायली मां के आंसू के बदले रोएं 1000 लेबनानी माएं'
इस सैन्य नुकसान के बाद इजरायल के दक्षिणपंथी और कट्टरपंथी राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन गवीर ने सीधे तौर पर लेबनान को राख में मिलाने की धमकी दे दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक बेहद आक्रामक पोस्ट लिखते हुए बेन गवीर ने कहा:

"पूरा लेबनान जलना चाहिए! हर इजरायली मां के आंसू के बदले एक हजार लेबनानी माताओं को रोना चाहिए। अमेरिकियों का पूरा सम्मान करते हुए भी, इजरायल को पूरी दुनिया को साफ कर देना चाहिए कि हमारे बेटों का खून और हमारे नागरिकों की सुरक्षा कोई ऐसी चीज नहीं है जिससे समझौता किया जा सके। आतंकवाद को पूरी ताकत से कुचलना पड़ता है।"

बेन गवीर ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से निजी मुलाकातों में साफ कह दिया है कि अब यह 'आगे-पीछे' का नपा-तुला खेल बंद होना चाहिए। मिडिल ईस्ट में संयम बरतने से जीत नहीं मिलती, बल्कि पूरी ताकत से दुश्मन का नामोनिशान मिटाना पड़ता है।

ट्रंप की शांति नीति को झटका, वेंस के दौरे पर अड़ंगा
यह पूरा घटनाक्रम उस समय हो रहा है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मिडिल ईस्ट में शांति बहाली का क्रेडिट लेने की तैयारी में थे। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस खुद इस डील को अंतिम रूप देने के लिए रवाना होने वाले थे, लेकिन इजरायल ने लेबनान में खूनखराबा बढ़ाकर अमेरिका के प्लान पर पानी फेर दिया है। इजरायल ने साफ कर दिया है कि अपनी सुरक्षा के मसले पर वह वॉशिंगटन की भी नहीं सुनेगा।

ईरान की दोटूक: 'लेबनान में हिंसा थमेगी, तभी अमेरिका से आगे बात होगी'
इजरायल के इन हमलों का सीधा असर अमेरिका-ईरान की महाडील पर पड़ता दिख रहा है। दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत फिलहाल अटक गई है। ईरान ने स्पष्ट और कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि जब तक लेबनान में इजरायल की हिंसा और बमबारी पूरी तरह नहीं रुकती, तब तक वह अमेरिका से आगे की कोई बात नहीं करेगा। जमीनी हकीकत को देखकर साफ लग रहा है कि इजरायल फिलहाल दक्षिणी लेबनान में अपना सैन्य अभियान रोकने के मूड में नहीं है, जिससे पूरी दुनिया पर एक बार फिर महायुद्ध का खतरा मंडराने लगा है।


Read More
Next Story