
जेफरी एपस्टीन का 'सुसाइड नोट' सार्वजनिक, मौत से पहले लिखा था आखिरी खत
हाई-प्रोफाइल अपराधी जेफरी एपस्टीन की रहस्यमयी मौत मामले में बड़ा खुलासा। अमेरिकी अदालत ने सालों से सील बंद सुसाइड नोट किया सार्वजनिक, जांच अधिकारियों पर कसा था तंज।
Jeffrey Epstein Suicide Note: दुनिया के सबसे चर्चित और हाई-प्रोफाइल आपराधिक मामलों में से एक, जेफरी एपस्टीन केस में एक बड़ा मोड़ आया है। अमेरिका की एक अदालत ने वह 'सुसाइड नोट' सार्वजनिक कर दिया है, जिसे एपस्टीन ने अपनी जान देने से पहले लिखा था। सालों से सील बंद इस दस्तावेज़ के सामने आने के बाद अब दुनिया भर में एपस्टीन की रहस्यमयी मौत को लेकर चर्चा फिर से तेज हो गई है।
जांच अधिकारियों पर कसा था तंज
न्यूयॉर्क की जेल में अपनी मौत से कुछ हफ्ते पहले लिखे गए इस नोट में एपस्टीन का लहजा काफी आक्रामक था। उसने जांच अधिकारियों और अपनी कानूनी स्थिति पर तंज कसते हुए लिखा कि उन्होंने महीनों तक मेरी जांच की, लेकिन उन्हें कुछ भी हासिल नहीं हुआ। एपस्टीन ने यह भी लिखा कि विदा कहने के लिए अपने वक्त का चुनाव करना एक 'ट्रीट' (उपहार) जैसा है।
ग्राफिक नोवेल में मिला आखिरी संदेश
हैरान करने वाली बात यह है कि यह नोट एपस्टीन की मौत के समय नहीं मिला था। इसे एपस्टीन के एक साथी कैदी ने एक 'ग्राफिक नोवेल' (किताब) के पन्नों के बीच दबा हुआ पाया था। यह पत्र जुलाई 2019 का बताया जा रहा है, जब एपस्टीन ने पहली बार जेल के भीतर खुदकुशी की नाकाम कोशिश की थी। इस नोट की लिखावट मामले में कई नए सवाल खड़े कर रही है।
लिखावट में दिखा मौत का बेखौफ अंदाज
नोट के आखिरी हिस्से में एपस्टीन ने बेहद ठंडे अंदाज में लिखा कि तुम मुझसे क्या चाहते हो, क्या मैं जोर-जोर से रोना शुरू कर दूं? इसमें कोई मजा नहीं है और यह इसके लायक भी नहीं है। हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी इस हैंडराइटिंग की पुष्टि होना बाकी है, लेकिन इसने एपस्टीन की मानसिक स्थिति और जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से उंगलियां उठा दी हैं।
जेल की सुरक्षा और सीसीटीवी पर सवाल
अगस्त 2019 में एपस्टीन की मौत को आधिकारिक तौर पर आत्महत्या करार दिया गया था। इसके बावजूद जेल की सुरक्षा में हुई बड़ी चूक और उस रात के सीसीटीवी फुटेज के रहस्यमयी तरीके से गायब होने ने हमेशा संदेह पैदा किया। यही कारण है कि न्यूयॉर्क टाइम्स की अर्जी पर जज केनेथ करास द्वारा सार्वजनिक किया गया यह पत्र जांच की दिशा में एक अहम कड़ी माना जा रहा है।
हाई-प्रोफाइल चेहरों की बढ़ सकती है धड़कन
जेफरी एपस्टीन के तार दुनिया के कई प्रभावशाली राजनेताओं, व्यापारियों और हस्तियों से जुड़े हुए थे। इस मामले में कोई भी नया खुलासा कई बड़े नामों के लिए मुसीबत बन सकता है। सालों तक कानूनी कार्यवाही के तहत दबा हुआ यह लेटर अब यह संकेत दे रहा है कि एपस्टीन की मौत की परतें अभी पूरी तरह से नहीं खुली हैं और आने वाले दिनों में कई और सच सामने आ सकते हैं।
Next Story

