कीव में रूसी हमलावर ने मचाया कत्लेआम, 6 की हत्या के बाद पुलिस ने किया ढेर
x

कीव में रूसी हमलावर ने मचाया कत्लेआम, 6 की हत्या के बाद पुलिस ने किया ढेर

यूक्रेन की राजधानी कीव में एक हमलावर ने 6 लोगों की हत्या की और सुपरमार्केट में बंधक बनाए। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने हमलावर का रूसी कनेक्शन और क्रिमिनल रिकॉर्ड बताया।


Kyiv Firing Incident : यूक्रेन की राजधानी कीव शनिवार को उस वक्त दहल उठी जब 58 वर्षीय एक हमलावर ने ऑटोमैटिक हथियार से अंधाधुंध फायरिंग कर छह लोगों की जान ले ली। हमलावर ने एक अपार्टमेंट में आग लगाने के बाद सड़क पर गोलियां चलाईं और फिर एक सुपरमार्केट में घुसकर लोगों को बंधक बना लिया। करीब 40 मिनट चले इस खूनी ड्रामे का अंत पुलिस एनकाउंटर के साथ हुआ।


अपार्टमेंट में आग लगा कर सड़कों पर बरपाया कहर
राजधानी के मध्य जिले होलोसिएवस्की में हुई इस घटना ने युद्धग्रस्त कीव को भी चौंका दिया है। जांच के मुताबिक, हमलावर ने सबसे पहले एक अपार्टमेंट में आग लगाई और फिर हथियार लेकर सड़क पर निकल आया। उसने सड़क पर चलते चार लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। चश्मदीदों के अनुसार, व्यस्त इलाके में अचानक हुई फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

सुपरमार्केट में बंधक संकट और कमांडो एक्शन
सड़क पर खून बहाने के बाद हमलावर पास के एक सुपरमार्केट में घुस गया। वहां उसने ग्राहकों और कर्मचारियों को बंधक बना लिया। यूक्रेन के आंतरिक मंत्री इहोर क्लिमेंको के अनुसार, पुलिस ने बातचीत के जरिए उसे आत्मसमर्पण के लिए मनाने की कोशिश की। घायल बंधकों की मदद के लिए मेडिकल सहायता भेजने का प्रस्ताव भी दिया गया, लेकिन हमलावर ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद विशेष टैक्टिकल यूनिट ने स्टोर पर धावा बोलकर उसे ढेर कर दिया।

हमलावर का रूसी कनेक्शन और पिछला रिकॉर्ड
राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने इस हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि हमलावर का जन्म रूस में हुआ था और वह लंबे समय से पूर्वी यूक्रेन के डोनेट्स्क क्षेत्र में रह रहा था। हालांकि उसके पास हथियार का वैध लाइसेंस था, लेकिन उसका पिछला आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। जेलेंस्की ने कहा कि इस हिंसा में कुल छह निर्दोष लोगों की जान गई है, जिनमें से एक महिला ने अस्पताल में दम तोड़ा।

आतंकवादी घटना के रूप में जांच शुरू
यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (SBU) ने इस सामूहिक हत्याकांड को 'आतंकवादी कृत्य' करार दिया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि हमलावर अकेला रहता था और दिखने में काफी सभ्य लगता था, जिससे किसी को उसके हिंसक होने का अंदाजा नहीं था। कीव पुलिस अब इस हमले के पीछे के असल मकसद और किसी संभावित विदेशी साजिश की जांच कर रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।


(हेडलाइन को छोड़कर, इस स्टोरी को द फेडरल स्टाफ ने एडिट नहीं किया है और यह सिंडिकेटेड फ़ीड से ऑटो-पब्लिश की गई है।)


Read More
Next Story