पाकिस्तान के क्वेटा में रेलवे ट्रैक के पास बड़ा धमाका, कई लोगों की मौत
x

पाकिस्तान के क्वेटा में रेलवे ट्रैक के पास बड़ा धमाका, कई लोगों की मौत

पाकिस्तान के क्वेटा में रेलवे ट्रैक के पास भीषण धमाका हुआ। आत्मघाती हमले की आशंका के बीच कई लोगों की मौत और दर्जनों घायल बताए जा रहे हैं।


पाकिस्तान के क्वेटा में हुए भीषण आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने ली है। संगठन ने दावा किया है कि इस हमले में 30 लोगों की मौत हुई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह धमाका रेलवे ट्रैक के पास हुआ, जहां विस्फोट के बाद ट्रेन की बोगियां क्षतिग्रस्त हो गईं और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई वाहन भी आग की चपेट में आ गए।

सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि प्रशासन घटना की जांच में जुटा हुआ है।हालांकि, पाकिस्तानी अधिकारियों की ओर से अब तक मौतों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की गई है। वहीं BLA के दावे के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

जानकारी के मुताबिक यह विस्फोट क्वेटा के मन फाटक इलाके में हुआ, जहां फ्रंटियर कोर के मुख्यालय के गेट के पास रेलवे ट्रैक पर अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि ट्रेन की एक बोगी के परखच्चे उड़ गए और आसपास खड़े कई वाहनों में आग लग गई। घटना के बाद इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया और अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त ट्रेन कैंट क्षेत्र से आ रही थी। धमाके के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और जांच एजेंसियां घटना के कारणों की पड़ताल कर रही हैं। हाल ही में पाकिस्तानी सेना के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने क्वेटा का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने बलूचिस्तान में तैनात सैन्य अधिकारियों और जवानों से मुलाकात की थी। पाकिस्तानी सेना द्वारा जारी बयान के अनुसार, उन्होंने क्वेटा स्थित कमांड एंड स्टाफ कॉलेज में छात्र अधिकारियों और संकाय सदस्यों को भी संबोधित किया था।

सेना के बयान में कहा गया था कि आसिम मुनीर ने बलूचिस्तान में मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों और क्षेत्रीय चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की थी। ऐसे समय में क्वेटा में हुआ यह बड़ा धमाका सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Read More
Next Story