
रूस-यूक्रेन युद्ध पर 3 दिन का विराम, ट्रंप ने कराया ऐतिहासिक समझौता!
रूस-यूक्रेन युद्ध ऐतिहासिक मोड़ ले रहा है, ट्रंप की मध्यस्थता से 3 दिनों का युद्धविराम तय हुआ है। शनिवार से थमेंगी बंदूकें और 2000 कैदियों की होगी अदला-बदली...
दुनिया के सबसे भीषण संघर्षों में से एक, रूस-यूक्रेन युद्ध में एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि रूस और यूक्रेन तीन दिनों के व्यापक युद्धविराम (सीजफायर) पर सहमत हो गए हैं। यह संघर्ष विराम रूस में मनाए जाने वाले 'विजय दिवस' (Victory Day) के अवसर पर किया गया है, जो शनिवार, 9 मई से प्रभावी होगा।
तीन दिनों तक रहेगा शांति का माहौल
राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह युद्धविराम शनिवार (9 मई) से शुरू होकर सोमवार (11 मई) तक जारी रहेगा। इस अवधि के दौरान दोनों देशों के बीच सभी प्रकार की सैन्य गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक रहेगी। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक आधिकारिक बयान जारी कर इस समझौते की पुष्टि की।
कैदियों की बड़ी अदला-बदली: 1000 के बदले 1000
इस युद्धविराम की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी कैदियों का आदान-प्रदान है। समझौते के तहत दोनों देश बड़े पैमाने पर युद्धबंदियों को रिहा करेंगे। ट्रंप ने बताया कि इस प्रक्रिया में दोनों पक्षों के कुल 2000 कैदियों (1000 रूस के और 1000 यूक्रेन के) की अदला-बदली की जाएगी। इसे इस युद्ध के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा कैदी विनिमय माना जा रहा है।
ट्रंप की सीधी पहल और पुतिन-जेलेंस्की का आभार
अमेरिकी राष्ट्रपति ने खुलासा किया कि इस सीजफायर के लिए उन्होंने स्वयं दोनों देशों के राष्ट्रपतियों से सीधा अनुरोध किया था। उन्होंने इस मानवीय पहल पर सहमति जताने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की का आभार व्यक्त किया।
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा..
"मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि रूस और यूक्रेन के बीच तीन दिनों का सीजफायर होगा। यह रूस और यूक्रेन दोनों के लिए विजय दिवस के जश्न का मौका है। क्योंकि दोनों ही द्वितीय विश्व युद्ध का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे थे। मैंने व्यक्तिगत रूप से यह अनुरोध किया था और मैं पुतिन व जेलेंस्की की इस सहमति की सराहना करता हूं।"
युद्ध के अंत की शुरुआत?
डोनाल्ड ट्रंप ने इस कदम को एक बड़ी उम्मीद के रूप में देखते हुए कहा कि यह संघर्ष विराम दूसरे विश्व युद्ध के बाद के इस सबसे बड़े और जानलेवा संघर्ष के अंत की शुरुआत हो सकता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इस युद्ध के स्थायी समाधान के लिए बातचीत जारी है और दुनिया हर दिन एक ठोस नतीजे के करीब पहुंच रही है।
जेलेंस्की ने की समझौते की पुष्टि
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने भी टेलीग्राम के माध्यम से इस खबर की पुष्टि की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह समझौता अमेरिका की मध्यस्थता के कारण संभव हो पाया है। जेलेंस्की ने कहा, "अमेरिकी पक्ष के साथ चल रही बातचीत के परिणामस्वरूप, हमें 1000 के बदले 1000 के फॉर्मेट में युद्धबंदियों की अदला-बदली और संघर्ष विराम पर रूस की सहमति मिल गई है।"

