
‘यूक्रेन युद्ध अब खत्म होने की ओर’, विक्ट्री डे पर पुतिन ने दिए संकेत
रूस ने 9 मई को मॉस्को के रेड स्क्वॉयर में विक्ट्री डे समारोह मनाया। इस दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने संकेत दिए कि ‘यूक्रेन युद्ध खत्म होने की दिशा में है’
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन युद्ध को लेकर बड़ा बयान देते हुए संकेत दिया है कि यह संघर्ष अब अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के साथ किसी तीसरे देश में मुलाकात संभव हो सकती है, लेकिन इसके लिए स्थायी शांति समझौते पर सहमति बनना जरूरी होगा।
रूस ने 9 मई को मॉस्को के रेड स्क्वॉयर में विक्ट्री डे समारोह मनाया। यह आयोजन नाजी जर्मनी पर सोवियत संघ की जीत और द्वितीय विश्व युद्ध में मारे गए लोगों की स्मृति में आयोजित किया जाता है। इस कार्यक्रम से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच तीन दिन के युद्ध विराम की घोषणा की थी।
रूस और यूक्रेन दोनों की ओर से इसकी पुष्टि करते हुए कहा गया था कि 9 मई से 11 मई तक सभी सैन्य गतिविधियों पर रोक रहेगी।
अब जब युद्ध विराम की अवधि समाप्त होने वाली है, उससे पहले राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन युद्ध को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यूक्रेन की लड़ाई अब अंत की ओर बढ़ रही है।”
पुतिन ने यह भी बताया कि स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको ने उन्हें जानकारी दी थी कि जेलेंस्की उनसे मुलाकात के लिए तैयार हैं। रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों नेताओं की मुलाकात किसी तीसरे देश में हो सकती है।
हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह बैठक तभी संभव होगी, जब स्थायी शांति समझौते को लेकर दोनों पक्षों में सहमति बन जाएगी।
पुतिन ने अमेरिका की भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बातचीत को आगे बढ़ाने में मदद के लिए रूस अमेरिका का आभारी है, लेकिन अंततः यह रूस और यूक्रेन के बीच का मामला है।
रूसी राष्ट्रपति ने ईरान से जुड़े संघर्ष को लेकर भी उम्मीद जताई कि वह जल्द समाप्त होगा। इसके अलावा उन्होंने चीन के साथ बड़े ऊर्जा समझौते के संकेत भी दिए।
पुतिन ने कहा कि रूस और चीन तेल तथा गैस से जुड़े एक महत्वपूर्ण समझौते के बेहद करीब पहुंच चुके हैं।
उधर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भी तीन दिन के युद्ध विराम को लेकर उम्मीद जताई थी कि यह लंबे और घातक युद्ध के अंत की शुरुआत साबित हो सकता है।
ट्रंप ने अपने युद्ध विराम प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए पुतिन और जेलेंस्की दोनों की सराहना की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि रूस और यूक्रेन एक-दूसरे को एक-एक हजार युद्धबंदियों को सौंपने पर सहमत हो गए हैं।

