व्हाइट हाउस डिनर में फायरिंग: 31 वर्षीय हमलावर गिरफ्तार, ट्रंप सुरक्षित
x

व्हाइट हाउस डिनर में फायरिंग: 31 वर्षीय हमलावर गिरफ्तार, ट्रंप सुरक्षित

वाशिंगटन हिल्टन में घुसा कैलिफोर्निया का शूटर कोल थॉमस एलन। सीक्रेट सर्विस के जवान को लगी गोली, बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जान। ट्रंप बोले- बहादुरों ने टाला बड़ा हादसा।


Click the Play button to hear this message in audio format

Firing At White House Correspondence Dinner : वाशिंगटन में आयोजित 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर' के दौरान हुई गोलीबारी के मामले में बड़ी जानकारी सामने आई है। हमलावर की पहचान कैलिफोर्निया के टॉरेंस निवासी 31 वर्षीय कोल थॉमस एलन (Cole Tomas Allen) के रूप में हुई है। सुरक्षा घेरा तोड़कर होटल के भीतर घुसने की कोशिश कर रहे इस हमलावर को सीक्रेट सर्विस ने कड़ी मशक्कत के बाद दबोच लिया है।


सीक्रेट सर्विस के जवान को लगी गोली
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हमलावर कई हथियारों से लैस था और उसने सुरक्षा चेकपॉइंट पर तैनात एक अधिकारी पर गोली चला दी। गनीमत रही कि अधिकारी ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी हुई थी, जिससे उनकी जान बच गई। ट्रंप ने कहा, "मैंने उस बहादुर अधिकारी से बात की है, वह ठीक है। जैकेट ने अपना काम कर दिया।"

ट्रम्प ने साझा किया हमलावर का वीडियो
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर हमलावर की तस्वीरें और एक वीडियो भी साझा किया है। तस्वीरों में संदिग्ध शूटर बिना शर्ट के जमीन पर गिरा हुआ दिख रहा है और उसके हाथ पीछे बंधे हुए हैं। वीडियो में उसे सुरक्षा घेरा तोड़कर भागते हुए देखा जा सकता है। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि आरोपी पर कड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।

डिनर के दौरान मची चीख-पुकार
जब फायरिंग हुई, तब हॉल में सैकड़ों पत्रकार, हस्तियां और राष्ट्रीय नेता मौजूद थे। गोलियों की आवाज सुनते ही लोग 'ब्लैक-टाई' गाउन और सूट में टेबल के नीचे छिप गए। चश्मदीदों ने बताया कि करीब 5 से 8 राउंड फायरिंग हुई। सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने मंच पर पोजीशन ले ली और राष्ट्रपति को सुरक्षित सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया।

सुरक्षा एजेंसियों ने संभाला मोर्चा
सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता एंथनी गुग्लिएल्मी ने पुष्टि की है कि स्थिति नियंत्रण में है और सभी सुरक्षित हैं। घटना के बाद नेशनल गार्ड के जवानों को होटल के भीतर तैनात किया गया। मेहमानों को बाहर निकलने की अनुमति दी गई, लेकिन दोबारा प्रवेश पर रोक लगा दी गई। फिलहाल वाशिंगटन हिल्टन के ऊपर हेलीकॉप्टर मंडरा रहे हैं और सुरक्षा बेहद सख्त है।

प्रेस और प्रशासन के बीच तनाव के बीच हमला
सालों बाद यह पहला मौका था जब डोनाल्ड ट्रंप इस वार्षिक मीडिया गाला में शामिल हुए थे। इसे प्रेस के साथ रिश्तों को सुधारने की कोशिश माना जा रहा था, लेकिन इस हमले ने पूरे आयोजन के रंग में भंग डाल दिया। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने कार्यक्रम जारी रखने की सिफारिश की थी, लेकिन वे पूरी तरह से कानून प्रवर्तन एजेंसियों के निर्देशों का पालन करेंगे।


Read More
Next Story