
हथियारों से लैस था कोल एलन, ट्रंप बोले- 'वो मुझे मारने ही आया था'
ट्रंप ने हमलावर को बताया 'लोन वुल्फ'। कहा- सीक्रेट सर्विस की फुर्ती ने बचाई जान। मेलानिया ट्रंप ने सबसे पहले भांप लिया था खतरा। आरएफके जूनियर को भी निकाला गया।
White House Dinner Party Firing : व्हाइट हाउस प्रेस डिनर में हुई गोलीबारी के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा खुलासा किया है। ट्रंप ने हमलावर को अपना "संभावित हत्यारा" (Would-be assassin) करार दिया। उन्होंने बताया कि हमलावर कई हथियारों से लैस था और 50 गज की दूरी से सुरक्षा घेरा तोड़कर उनकी ओर झपटा था। ट्रंप ने हमलावर को 'बहुत बीमार' व्यक्ति बताया और कहा कि वह एक 'लोन वुल्फ' (अकेला हमलावर) हो सकता है।
इमारत की सुरक्षा पर उठाए सवाल
हमले के दौरान सीक्रेट सर्विस की बहादुरी की तारीफ करते हुए ट्रंप ने सुरक्षा व्यवस्था पर विरोधाभासी बयान भी दिया। एक ओर उन्होंने कहा कि कमरा सुरक्षित था, लेकिन दूसरी ओर उन्होंने यह भी कह दिया कि "यह इमारत विशेष रूप से सुरक्षित नहीं है।" ट्रंप ने पुष्टि की कि हमलावर ने एक सुरक्षा अधिकारी को गोली मारी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से अधिकारी की जान बच गई।
मेलानिया ने सबसे पहले सुनी गोलियों की आवाज
राष्ट्रपति ने उस डरावने पल को याद करते हुए बताया कि जब पहली आवाज आई, तो उन्हें लगा कि कोई ट्रे गिर गई है। लेकिन प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप तुरंत समझ गईं कि यह गोलीबारी है। ट्रंप के मुताबिक, मेलानिया ने उनसे कहा, "यह बहुत बुरी आवाज है।" मेलानिया की सजगता के तुरंत बाद सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने हथियारों के साथ मंच को घेर लिया और राष्ट्रपति को पर्दे के पीछे से सुरक्षित बाहर निकाला।
RFK जूनियर को सुरक्षित निकाला गया
अफरा-तफरी के बीच स्वास्थ्य मंत्री रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर (RFK Jr.) को भी तेजी से हॉल से बाहर ले जाया गया। यह दृश्य काफी भावुक और गंभीर था, क्योंकि उनके चाचा राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी की 1963 में हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने एक बार फिर अमेरिकी इतिहास के उन काले पन्नों की याद दिला दी, जब सार्वजनिक कार्यक्रमों में बड़े नेताओं को निशाना बनाया गया था।
वीडियो में दिखा दहशत का मंजर
राष्ट्रपति द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में हमलावर सुरक्षा बैरिकेड्स को पार कर भागता हुआ दिखाई दे रहा है। उसके पीछे सीक्रेट सर्विस के एजेंट उसे पकड़ने के लिए दौड़ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूरा हॉल पत्रकारों और हस्तियों से भरा था, जो अचानक हुई फायरिंग के बाद सदमे में टेबल के नीचे दुबक गए थे। फिलहाल जांचकर्ता मामले की हर एंगल से पड़ताल कर रहे हैं।
क्या आगे बढ़ेगा कार्यक्रम?
ट्रंप ने संकेत दिया है कि सुरक्षा एजेंसियां जो भी फैसला लेंगी, वह उसे मानेंगे। हालांकि, उन्होंने हमलावर की तुरंत गिरफ्तारी पर संतोष जताया है। उन्होंने कहा कि सीक्रेट सर्विस का रिस्पॉन्स टाइम बहुत कम था, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। फिलहाल पूरे वाशिंगटन में हाई अलर्ट है और हिल्टन होटल के आसपास के क्षेत्र को छावनी में बदल दिया गया है।
Next Story

