व्हाइट हाउस डिनर में फायरिंग, सुरक्षित निकाले गए राष्ट्रपति ट्रंप
x

व्हाइट हाउस डिनर में 'फायरिंग', सुरक्षित निकाले गए राष्ट्रपति ट्रंप

वाशिंगटन हिल्टन होटल में 'भारी शोर' के बाद अफरा-तफरी। सीक्रेट सर्विस ने राष्ट्रपति ट्रंप और मेलानिया को सुरक्षित निकाला। मेहमानों ने टेबल के नीचे छिपकर बचाई जान।


Click the Play button to hear this message in audio format

Panic At White House :वाशिंगटन के हिल्टन होटल में शनिवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर' के दौरान फायरिंग की आवाजें सुनी गईं। चश्मदीदों के मुताबिक, कार्यक्रम स्थल पर करीब 5 से 8 राउंड गोलियां चलने की आवाज आई। सुरक्षा के मद्देनजर सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अन्य शीर्ष नेताओं को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया।






हमलावर गिरफ्तार, ट्रंप का बड़ा बयान

घटना के कुछ देर बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट कर जानकारी दी कि हमलावर को पकड़ लिया गया है। ट्रंप ने त्वरित कार्रवाई के लिए सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की बहादुरी की सराहना की। उन्होंने कानून व्यवस्था के सुझाव पर कार्यक्रम को जारी रखने (Let the show go on) की इच्छा जताई है, हालांकि अंतिम फैसला सुरक्षा एजेंसियां लेंगी।


हॉल में मची भारी चीख-पुकार

होटल के बैंक्वेट हॉल में करीब 2,600 मेहमान मौजूद थे, जिनमें मशहूर हस्तियां, पत्रकार और राजनेता शामिल थे। फायरिंग की आवाज सुनते ही लोग जान बचाने के लिए टेबल के नीचे छिप गए। हॉल में तैनात नेशनल गार्ड के जवानों ने तुरंत पोजीशन संभाल ली। सुरक्षा कारणों से लोगों को होटल से बाहर जाने की अनुमति दी गई, लेकिन दोबारा प्रवेश पर रोक लगा दी गई।

मेलानिया ट्रंप के चेहरे पर दिखी घबराहट

CSPAN की लाइव फीड में देखा गया कि प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप घटना से ठीक पहले कुछ देखकर असहज हो गई थीं। उनके चेहरे पर साफ तौर पर डर और घबराहट दिखाई दे रही थी। इसके तुरंत बाद एजेंटों ने उन्हें और राष्ट्रपति को घेरे में ले लिया। फिलहाल होटल के चारों ओर सुरक्षा घेरा बेहद कड़ा है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल

इस हाई-प्रोफाइल इवेंट में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, रक्षा सचिव पीट हेगसेथ और विदेश सचिव मार्को रुबियो जैसे दिग्गज भी शामिल थे। इतने कड़े सुरक्षा घेरे के बावजूद हमलावर का अंदर पहुँचना और फायरिंग करना सुरक्षा में बड़ी चूक मानी जा रही है। प्रशासन ने अभी तक हमलावर की पहचान और उसके मकसद का खुलासा नहीं किया है।

रिश्ते सुधारने की कोशिश को लगा झटका

राष्ट्रपति ट्रंप सालों बाद पहली बार इस प्रेस डिनर में शामिल हुए थे। इसे प्रशासन और मीडिया के बीच कड़वे रिश्तों को सुधारने की एक पहल के तौर पर देखा जा रहा था। लेकिन इस जानलेवा हमले ने उत्सव के माहौल को दहशत में बदल दिया। ट्रंप ने अपने पोस्ट में संकेत दिया है कि अब यह शाम वैसी नहीं रहेगी जैसी सोची गई थी।


Read More
Next Story