कमला हैरिस का डोनर निकला ट्रंप का हमलावर, 25 डॉलर दिया था चुनावी चंदा
x

कमला हैरिस का डोनर निकला ट्रंप का हमलावर, 25 डॉलर दिया था चुनावी चंदा

व्हाइट हाउस डिनर में फायरिंग करने वाला एलन रह चुका है 'टीचर ऑफ द मंथ'। मैकेनिकल इंजीनियर ने कमला हैरिस को दिया था चंदा। जांच में 'लोन वुल्फ' अटैक की पुष्टि।


Firing At Whit House Correspondence Dinner : वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर गोलियां चलाने वाले शूटर कोल थॉमस एलन को लेकर हैरान करने वाले तथ्य सामने आए हैं। जांच एजेंसियों की शुरुआती पड़ताल में पता चला है कि 31 वर्षीय एलन न केवल एक उच्च शिक्षित मैकेनिकल इंजीनियर है, बल्कि वह एक पार्ट-टाइम शिक्षक और वीडियो गेम डेवलपर भी रहा है।


'टीचर ऑफ द मंथ' रह चुका है एलन
सुरक्षा एजेंसियों ने एलन की लिंक्डइन प्रोफाइल खंगाली तो पता चला कि वह 'C2 एजुकेशन' नाम की एक प्रतिष्ठित ट्यूटरिंग कंपनी में छात्रों को पढ़ाता था। कंपनी के पुराने सोशल मीडिया रिकॉर्ड्स के मुताबिक, दिसंबर 2024 में उसे उसकी बेहतरीन सेवाओं के लिए “टीचर ऑफ द मंथ” के खिताब से भी नवाजा गया था। हालांकि, घटना के बाद कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

कमला हैरिस को दिया था 25 डॉलर का चंदा
फेडरल इलेक्शन कमीशन (FEC) के सार्वजनिक रिकॉर्ड्स से एक और बड़ी बात सामने आई है। एलन ने अक्टूबर 2024 में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला हैरिस के राष्ट्रपति चुनाव अभियान के लिए 25 डॉलर का चंदा दिया था। एलन ने प्रतिष्ठित कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (Caltech) से इंजीनियरिंग और हाल ही में कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री हासिल की थी।

अकेले ही दिया था वारदात को अंजाम
वॉशिंगटन डीसी की मेयर म्यूरियल बोउजर और पुलिस प्रमुख जेफरी कैरोल ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल की जांच में एलन के साथ किसी और की संलिप्तता नहीं मिली है। अधिकारियों के मुताबिक, एलन एक 'लोन वुल्फ' की तरह अकेले ही इस वारदात को अंजाम देने पहुँचा था। सुरक्षा एजेंसियां अब उसके उन संपर्कों की तलाश कर रही हैं, जिन्होंने उसे इस हमले के लिए उकसाया होगा।

जेडी वेंस को भी सुरक्षित निकाला गया
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि फायरिंग के तुरंत बाद उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को भी सुरक्षाकर्मी जबरन हॉल से बाहर ले जा रहे हैं। सुरक्षा अधिकारियों की मुस्तैदी की वजह से हमलावर को मुख्य हॉल में घुसने से पहले ही दबोच लिया गया, वरना यह हादसा और भी भीषण हो सकता था। ट्रंप ने भी एजेंसियों की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

कैलिफोर्निया से वॉशिंगटन तक की जांच
एलन मूल रूप से दक्षिणी कैलिफोर्निया का रहने वाला है। अब एफबीआई (FBI) और स्थानीय पुलिस उसकी पुरानी गतिविधियों, इंटरनेट सर्च हिस्ट्री और सोशल मीडिया पोस्ट्स की बारीकी से जांच कर रही है। मकसद यह पता लगाना है कि एक होनहार इंजीनियर और टीचर आखिर कैसे एक 'हत्यारे' में तब्दील हो गया। मामले की अगली सुनवाई तक एलन को कड़ी सुरक्षा में रखा गया है।


Read More
Next Story