
अमेरिका के इडाहो एयर शो में बड़ा हादसा, हवा में भिड़े फाइटर जेट
अमेरिका के इडाहो एयर शो में दो लड़ाकू विमान हवा में टकरा गया। अच्छी बात यह रही कि चारों क्रू मेंबर सुरक्षित बच निकले।
अमेरिका के इडाहो राज्य में स्थित माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर आयोजित ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ के दौरान बड़ा हादसा हो गया। एयर शो में करतब दिखा रहे दो अमेरिकी लड़ाकू विमान हवा में आपस में टकरा गए और कुछ ही क्षणों में आग के गोले में बदल गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टक्कर के बाद विमान टूटते और जमीन पर गिरते दिखाई दे रहे हैं।
कलाबाजी के दौरान हुआ हादसा
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह दुर्घटना अमेरिकी स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12:30 बजे हुई। दोनों फाइटर जेट एयर शो के दौरान हवा में कलाबाजियां दिखा रहे थे, तभी वे एक-दूसरे से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विमान हवा में ही क्षतिग्रस्त होकर अलग हो गए।
बताया गया है कि हादसे में दो EA-18G लड़ाकू विमान शामिल थे। सोशल मीडिया और ऑनलाइन सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि टक्कर के बाद दोनों विमान तेजी से नीचे गिरते हैं और जमीन पर टकराते ही आग की लपटों में घिर जाते हैं।
चारों क्रू मेंबर सुरक्षित
राहत की बात यह रही कि विमान के जमीन पर गिरने से पहले सभी चार क्रू मेंबर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। वीडियो में चार पैराशूट जमीन की ओर उतरते दिखाई देते हैं।एयर शो के दौरान मौजूद एक अनाउंसर ने भी पुष्टि की कि सभी क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। बाद में अमेरिकी नौसेना ने बयान जारी कर बताया कि विमानों की टक्कर के बावजूद चारों क्रू मेंबर सुरक्षित बाहर निकल आए थे।
मौके पर पहुंची बचाव टीमें
घटना के तुरंत बाद आपातकालीन बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गया। माउंटेन होम एयर फोर्स बेस प्रशासन ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, बेस के प्रवक्ता ने कहा कि राहत और बचाव कार्य जारी है तथा जांचकर्ता दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।अधिकारियों ने यह भी कहा कि जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, उसे सार्वजनिक किया जाएगा।
हादसे के बाद रोका गया एयर शो
दुर्घटना के तुरंत बाद एयर शो को रोक दिया गया और सुरक्षा कारणों से बेस को अस्थायी रूप से लॉकडाउन कर दिया गया। ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ का आयोजन आठ साल बाद पहली बार किया गया था। इस कार्यक्रम में हजारों लोग लड़ाकू विमानों के करतब देखने पहुंचे थे।
आयोजकों के अनुसार, एयर शो की तैयारी में लगभग दो साल का समय लगाया गया था। हालांकि, इस हादसे के बाद एयर शो की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर इससे पहले भी हादसे हो चुके हैं। वर्ष 2018 में बेस पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान रनवे पर हुए हादसे में एक हैंग ग्लाइडर पायलट की मौत हो गई थी। ताजा घटना के बाद एक बार फिर एयर शो में सुरक्षा मानकों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

