
वॉशिंगटन फायरिंग केस में नया मोड़, आरोपी खुद को बताता था ‘यीशु मसीह'
व्हाइट हाउस के बाहर फायरिंग करने वाला 21 वर्षीय संदिग्ध जवाबी कार्रवाई में मारा जा चुका है। आरोपी मानसिक बीमारी से जूझ रहा था।
अमेरिका के व्हाइट के पास शनिवार शाम हुई गोलीबारी में मारे गए संदिग्ध की पहचान 21 वर्षीय नासिर बेस्ट के रूप में हुई है। कानून प्रवर्तन अधिकारियों के अनुसार, वह मैरीलैंड का रहने वाला था और मानसिक बीमारी से जूझ रहा था। उसके खिलाफ पहले भी व्हाइट हाउस सुरक्षा व्यवस्था का उल्लंघन करने के मामले दर्ज थे।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुलाई 2025 में गिरफ्तारी के दौरान उसने दावा किया था कि वह आधुनिक समय का यीशु मसीह है।
कैसे हुई गोलीबारी?
यह घटना शनिवार शाम करीब 6 बजे 17वीं स्ट्रीट और पेंसिलवेनिया एवेन्यू NW के पास हुई। रिपोर्ट्स के अनुसार, नसिरे बेस्ट कुछ समय तक व्हाइट हाउस परिसर के आसपास घूमता रहा और फिर सीक्रेट सर्विस के सुरक्षा चेकपॉइंट की ओर बढ़ा।बताया गया है कि उसने अपने बैग से हैंडगन निकाली और वहां तैनात अधिकारियों पर तीन राउंड फायरिंग कर दी।
इसके बाद यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में बेस्ट गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। स्थानीय समाचार एंकर Chris Flanagan के मुताबिक, पूरी घटना के दौरान करीब 30 गोलियां चलीं।
क्रॉसफायर में एक राहगीर भी घायल
गोलीबारी के दौरान एक राहगीर भी घायल हुआ। अधिकारियों का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वह संदिग्ध की गोली से घायल हुआ या जवाबी कार्रवाई के दौरान चली गोलियों से।
ट्रंप व्हाइट हाउस में मौजूद थे
घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे, लेकिन वह पूरी तरह सुरक्षित रहे।फायरिंग के तुरंत बाद पूरे वॉइट हाउस परिसर को लॉकडाउन कर दिया गया। कर्मचारियों और पत्रकारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। पास मौजूद मीडिया टेंट में मौजूद पत्रकारों को जमीन पर झुककर खुद को बचाते हुए देखा गया। सेलिनी वांग ने बताया कि उन्होंने मीडिया टेंट के भीतर से “दर्जनों गोलियों की आवाज” सुनी।
पहले भी कर चुका था सुरक्षा उल्लंघन
रिकॉर्ड्स के अनुसार, नासिर बेस्ट मानसिक रूप से परेशान था और संघीय सुरक्षा एजेंसियां उसे पहले से जानती थीं। उस पर व्हाइट हाउस के प्रवेश द्वारों के आसपास संदिग्ध रूप से घूमने और अदालत के आदेश का उल्लंघन करने के आरोप थे।जून 2025 में उसे 15वीं स्ट्रीट पर ट्रैफिक बाधित करने के आरोप में जबरन एक मानसिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था।इसके दो सप्ताह बाद, 10 जुलाई 2025 को, वह व्हाइट हाउस के प्रतिबंधित पैदल प्रवेश क्षेत्र में एग्जिट टर्नस्टाइल से अंदर घुसने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया था।गिरफ्तारी के दौरान उसने एजेंटों से कथित तौर पर कहा था कि वह गिरफ्तार होना चाहता है और खुद को आधुनिक समय का यीशु मसीह बताया था।
इलाके को किया गया सील
घटना के बाद Metropolitan Police Department ने इलाके को घेर लिया और लोगों से उस क्षेत्र से दूर रहने की अपील की।यह घटना हाल के महीनों में वॉशिंगटन में हुई कई हाई-प्रोफाइल सुरक्षा घटनाओं की कड़ी में एक और बड़ा मामला मानी जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, एक महीने पहले ही व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन डिनर के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप पर कथित हमले की कोशिश का मामला सामने आया था।

