
Assembly Election Live: रिकॉर्डतोड़ वोटिंग, बंगाल में 5 बजे तक 89.93% तो तमिलनाडु में 82.24% मतदान
West Bengal Tamilnadu Assembly Election: तमिलनाडु- पश्चिम बंगाल में पहले चरण के लिए मतदान जारी है। ताजा जानकारी के लिए बने रहिए द फेडरल देश के साथ।
West Bengal Tamilnadu Assembly Election 2026 Phase 1 Voting Live Updates: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के तहत पहले चरण की वोटिंग जारी है। मतदताओं में जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। अगर बात बंगाल की करें तो इस चरण में राज्य के 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, पहले चरण में कुल 3,60,77,171 मतदाता मतदान के लिए पात्र हैं, जिन्हें फोटो पहचान पत्र जारी किए जा चुके हैं।
मतदाताओं के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस चरण में 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के 4,025 मतदाता शामिल हैं, जबकि 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 2,04,618 है। इसके अलावा 43 अनिवासी भारतीय (एनआरआई) मतदाता और 69,468 सेवारत मतदाता भी इस चुनाव में हिस्सा ले रहे हैं।
पहले चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें 1,311 पुरुष उम्मीदवार और 167 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। इस बार चुनावी मुकाबला मुख्य रूप से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीच माना जा रहा है।
इस बार पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव केवल दो चरणों में कराए जा रहे हैं, जबकि 2021 में आठ और 2016 में छह चरणों में मतदान हुआ था। हालांकि चरणों की संख्या कम की गई है, लेकिन सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं और कई नए कदम भी उठाए हैं।

