
Assembly Election Live: रिकॉर्डतोड़ वोटिंग, बंगाल में 5 बजे तक 89.93% तो तमिलनाडु में 82.24% मतदान
West Bengal Tamilnadu Assembly Election: तमिलनाडु- पश्चिम बंगाल में पहले चरण के लिए मतदान जारी है। ताजा जानकारी के लिए बने रहिए द फेडरल देश के साथ।
West Bengal Tamilnadu Assembly Election 2026 Phase 1 Voting Live Updates: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के तहत पहले चरण की वोटिंग जारी है। मतदताओं में जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। अगर बात बंगाल की करें तो इस चरण में राज्य के 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, पहले चरण में कुल 3,60,77,171 मतदाता मतदान के लिए पात्र हैं, जिन्हें फोटो पहचान पत्र जारी किए जा चुके हैं।
मतदाताओं के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस चरण में 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के 4,025 मतदाता शामिल हैं, जबकि 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 2,04,618 है। इसके अलावा 43 अनिवासी भारतीय (एनआरआई) मतदाता और 69,468 सेवारत मतदाता भी इस चुनाव में हिस्सा ले रहे हैं।
पहले चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें 1,311 पुरुष उम्मीदवार और 167 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। इस बार चुनावी मुकाबला मुख्य रूप से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीच माना जा रहा है।
इस बार पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव केवल दो चरणों में कराए जा रहे हैं, जबकि 2021 में आठ और 2016 में छह चरणों में मतदान हुआ था। हालांकि चरणों की संख्या कम की गई है, लेकिन सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं और कई नए कदम भी उठाए हैं।
Live Updates
- 23 April 2026 9:43 AM IST
निर्वाचन आयोग ने अब तक हुए मतदान के आंकड़ों को जारी किया है। सुबह 9 बजे तक पश्चिम बंगाल में 18.76 और तमिलनाडु में 17.69 फीसद लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। तमिलनाडु में एक ही चरण में सभी 234 सीटों और पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी है।
- 23 April 2026 9:36 AM IST
पश्चिम बंगाल में राशबिहारी से BJP उम्मीदवार स्वपन दासगुप्ता कहते हैं, "गृह मंत्री अमित शाह कालीघाट मंदिर आ रहे हैं, जो सभी हिंदुओं के लिए एक बहुत ही पवित्र स्थान है। यह उसी विधानसभा क्षेत्र में पड़ता है, जहाँ से मैं चुनाव लड़ रहा हूँ - राशबिहारी। मुझे उम्मीद है कि जब वे यहाँ आएंगे, तो मैं उन्हें यह भी बता पाऊंगा कि TMC के 15 साल के शासन के बाद इस इलाके की कितनी उपेक्षा हुई है और सुविधाओं के मामले में इस इलाके को किस तरह के सुधार की ज़रूरत है।"
वे यह भी कहते हैं, "माहौल काफी ठीक है। मुझे ज़्यादा शिकायत नहीं है, सिवाय इस बात के कि मेरे विरोधी TMC की तरफ से हमारे सभी पोस्टर को नष्ट करने की एक सोची-समझी कोशिश की जा रही है। इसके अलावा, और मतदाताओं को धमकाने की कुछ घटनाओं को छोड़कर, इस विधानसभा क्षेत्र में कुछ भी अप्रिय नहीं हुआ है।"
- 23 April 2026 8:53 AM IST
पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष (LoP) और नंदीग्राम व भवानीपुर से BJP उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी कहते हैं, "परिवर्तन होगा। अगर इस बार बदलाव नहीं हुआ, तो बंगाल में सनातन खत्म हो जाएगा। चुनाव आयोग अच्छा काम कर रहा है, लेकिन हर जगह कुछ गुंडे मौजूद हैं। हमारे पोलिंग एजेंट को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस पर तुरंत कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए..."
- 23 April 2026 8:47 AM IST
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के तहत चेन्नई में मतदान जारी है, जहां सुबह से ही दक्षिण भारतीय सिनेमा के कई दिग्गज सितारों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। सुपरस्टार रजनीकांत ने मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला। वहीं, अभिनेता और राजनेता कमल हासन अपनी बेटी श्रुति हासन के साथ एल्डम्स रोड स्थित कामराज सलाई म्युनिसिपल स्कूल पहुंचे और वहां मतदान किया।
- 23 April 2026 8:46 AM IST
नंदीग्राम और भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार एवं राज्य के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने मतदान करने के बाद बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “सनातन जीतेगा और सनातन की रक्षा होगी। इस बार बंगाल में बदलाव हो रहा है। यदि अब भी परिवर्तन नहीं हुआ, तो बंगाल में सनातन खत्म हो जाएगा।”उन्होंने चुनाव आयोग के कार्यों की सराहना करते हुए ‘गुंडागर्दी’ का आरोप भी लगाया और कहा कि हर जगह कुछ उपद्रवी तत्व मौजूद हैं।
- 23 April 2026 7:26 AM IST
पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि इस बार का चुनाव राज्य के वर्तमान ही नहीं, बल्कि भविष्य के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है।
अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि एक मजबूत नेतृत्व वाली सरकार ही बंगाल को डेमोग्राफी बदलने वाले घुसपैठियों, सिंडिकेट और कटमनी जैसे मुद्दों से मुक्ति दिला सकती है। उन्होंने राज्य में बेहतर कानून-व्यवस्था की जरूरत पर जोर दिया।उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बंगाल की माताओं और बेटियों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए लोगों को बढ़-चढ़कर मतदान करना चाहिए।
- 23 April 2026 7:15 AM IST
तमिलनाडु की मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) अर्चना पटनायक ने कहा, "कुल वोटरों की संख्या 5.73 करोड़ है, जिसमें 2.93 करोड़ महिलाएं, 2.83 करोड़ पुरुष और 7,728 तीसरे लिंग के व्यक्ति शामिल हैं।"
- 23 April 2026 7:14 AM IST
तमिलनाडु में, इस बेहद अहम मुकाबले में मुख्य रूप से DMK के नेतृत्व वाला SPA, AIADMK के नेतृत्व वाले NDA के आमने-सामने है। इसमें मुख्यमंत्री MK Stalin सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि AIADMK के महासचिव ई के पलानीस्वामी Edappadi K Palaniswami पांच साल बाद फिर से सत्ता में लौटने के लिए लड़ रहे हैं। इस बार विजय के नेतृत्व वाली TVK एक बड़ी तीसरी ताकत बनकर उभरी है।
- 23 April 2026 7:13 AM IST
तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में 4,023 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला 5.73 करोड़ से ज़्यादा वोटर करेंगे। वहीं, पश्चिम बंगाल में आज विधानसभा चुनावों का पहला चरण है, जिसमें लगभग 3.60 करोड़ वोटर 1,452 उम्मीदवारों की किस्मत तय करने के लिए वोट डालेंगे।
- 23 April 2026 7:10 AM IST
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए बड़ा दावा किया है कि राज्य में पार्टी की सरकार नहीं बनने वाली है।सहारनपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान मसूद ने कहा कि 4 मई को जब चुनाव परिणाम सामने आएंगे, तब भाजपा की स्थिति पहले से भी कमजोर होगी। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जितनी सीटें जीती थीं, इस बार वह आंकड़ा भी हासिल नहीं कर पाएगी।
मसूद ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में मौजूदा मुख्यमंत्री Mamata Banerjee मजबूत नेता हैं और वह अपने दम पर चुनाव जीतने की क्षमता रखती हैं। उन्होंने ममता बनर्जी को एक प्रभावशाली बंगाली महिला नेता बताते हुए उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया।

