
LIVE: CJP का प्रदर्शन, ‘सोनम वांगचुक को बनाया जाए शिक्षा मंत्री’… जंतर-मंतर पर गूंजे नारे
जंतर-मंतर पर CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है। अनुमति आवेदन नहीं मिला, लेकिन नई दिल्ली में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
Cockroach Janta Party Live Protest: युवाओं और छात्रों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे डिजिटल आंदोलन 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके आज सुबह अमेरिका से भारत लौट आए हैं। वह आज दिल्ली के ऐतिहासिक जंतर-मंतर पर अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ एक बड़े विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने जा रहे हैं। राहत की बात यह है कि दिल्ली पुलिस ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' को विरोध प्रदर्शन करने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है। पुलिस प्रशासन द्वारा सीजेपी को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का समय दिया गया है। पल-पल के अपडेट्स के लिए जुड़े रहिए द फेडरल देश के साथ -
Live Updates
- 6 Jun 2026 3:43 PM IST
'सोनम वांगचुक को बनाओ शिक्षा मंत्री'
सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने वांगचुक को देश का शिक्षा मंत्री बनाने के नारे लगाए।
- 6 Jun 2026 11:56 AM IST
कॉकरोच मारने वाला 'हिट' लेकर पहुंचा शख्स
'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के विरोध प्रदर्शन के बीच एक हैरान करने वाला वाकया सामने आया। प्रदर्शन के दौरान एक शख्स अपने हाथ में कॉकरोच मारने वाला स्प्रे 'हिट' (HIT) लेकर पहुंच गया। जैसे ही वहां मौजूद CJP समर्थकों की नजर उस पर पड़ी, उन्होंने तुरंत उस शख्स का विरोध किया और उसे प्रदर्शन स्थल से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
- 6 Jun 2026 10:41 AM IST
शुरू हुआ 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) का विरोध प्रदर्शन
जंतर-मंतर पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) का बड़ा विरोध प्रदर्शन शुरू हो चुका है। आंदोलन की अगुवाई करने के लिए पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके खुद मौके पर मौजूद हैं। इस समय जंतर-मंतर पर हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी युवा इकट्ठा हैं, जो केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।
- 6 Jun 2026 9:37 AM IST
कॉकरोच जनता पार्टी' को मिली जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की इज़ाजत
दिल्ली पुलिस ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) को ऐतिहासिक जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इजाजत मिलने के बाद ही सुबह से जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी युवाओं का जुटना शुरू हो गया है। हालांकि, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा घेरा बेहद कड़ा कर दिया है।
- 6 Jun 2026 9:36 AM IST
जंतर-मंतर पर भारी भीड़ जुटना शुरू
जंतर-मंतर पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के विरोध प्रदर्शन को लेकर युवाओं की भारी भीड़ जुटना शुरू हो गई है। प्रदर्शनकारी हाथों में तिरंगा और डॉ. बी.आर. अंबेडकर की तस्वीरें लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। सुरक्षा कारणों से दिल्ली पुलिस ने अभी मीडिया की एंट्री पर रोक लगा रखी है। जंतर-मंतर की तरफ आने वाले सभी रास्तों पर सख्त बैरिकेडिंग की गई है और लोगों से कड़ी पूछताछ के बाद ही उन्हें आगे जाने दिया जा रहा है।
- 6 Jun 2026 9:34 AM IST
अभिजीत दीपके दिल्ली एयरपोर्ट से बाहर निकले
'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके दिल्ली एयरपोर्ट से बाहर निकल चुके हैं। एयरपोर्ट से बाहर आते ही वे सीधे संसद मार्ग थाने के लिए रवाना हो गए। एयरपोर्ट टर्मिनल से निकलते समय उनके हाथ में बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की किताब देखी गई। इस दौरान एयरपोर्ट के बाहर मौजूद उनके समर्थकों ने उनके पक्ष में जमकर नारेबाजी भी की।
- 6 Jun 2026 8:19 AM IST
CJI के बयान के बाद बनीं CJP
पिछले महीने भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत द्वारा एक अदालत की सुनवाई के दौरान कुछ व्यक्तियों के लिए कॉकरोच और परजीवी जैसे शब्दों का इस्तेमाल किए जाने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई थी। शुरुआत में एक व्यंग्यात्मक प्रतिक्रिया के रूप में शुरू हुआ यह अभियान अब एक संगठित जन आंदोलन का रूप ले चुका है और युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
- 6 Jun 2026 8:18 AM IST
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा, "स्पॉयलर अलर्ट: तिलचट्टे जवाबदेही की मांग करते हुए शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करते हैं।"
- 6 Jun 2026 8:12 AM IST
दिल्ली पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। संभावित भीड़ और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए प्रारंभिक सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शुक्रवार को दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने एक उच्चस्तरीय बैठक भी की, जिसमें प्रस्तावित प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। सभी जिला इकाइयों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
- 6 Jun 2026 8:11 AM IST
दिल्ली पुलिस का कहना है कि अभिजीत दिपके के नेतृत्व वाले संगठन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है।अभिजीत दिपके ने अपने समर्थकों और छात्रों से जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। उनका मुख्य मांग केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है। दिपके का आरोप है कि विभिन्न परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं और लापरवाही के लिए शिक्षा मंत्री जिम्मेदार हैं।

