
PM मोदी के फास्ट-ट्रैक दांव के बाद भी डटा विपक्ष, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा चाहिए ही चाहिए
दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन जारी है। विरोध प्रदर्शन और भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों, विभिन्न राजनीतिक दलों विरोध प्रदर्शन जारी है। विरोध प्रदर्शन के बढ़ते दायरे और सड़कों पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने लुटियंस दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया है। सड़कों पर भारी बैरिकेडिंग और पुलिस की सघन चेकिंग के कारण मध्य दिल्ली के कई इलाकों में भीषण जाम की स्थिति बनी हुई है। देश भर से छात्र लगातार दिल्ली पहुँच रहे हैं, जिससे माहौल गरमाया हुआ है। ताज़ा अपडेट्स के लिए जुड़े रहिए द फेडरल देश के साथ।
Live Updates
- 23 July 2026 12:21 PM IST
किरेन रिजिजू बोले, 'तारीख और समय तय करे विपक्ष'
संसद में नीट (NEET) पेपर लीक मुद्दे पर जारी बहस के बीच केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस विषय पर चर्चा कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।
रिजिजू ने स्पष्ट किया कि दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) में नीट पेपर लीक पर किस दिन और कितने समय तक चर्चा होनी चाहिए, इसकी तारीख और अवधि खुद विपक्षी दल तय कर सकते हैं। - 23 July 2026 12:13 PM IST
लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित
विपक्षी सांसदों के भारी हंगामे और शोर-शराबे के कारण लोकसभा की कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
- 23 July 2026 12:09 PM IST
CJP प्रदर्शन पर आई अभिनव बिंद्रा की प्रतिक्रिया
नई दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के चल रहे प्रदर्शनों के बीच, ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज अभिनव बिंद्रा का बयान सामने आया है।उन्होंने देश की शिक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने की बात करते हुए कहा, "मुझे उम्मीद है कि हम सब एकजुट होंगे और साथ मिलकर अपनी शिक्षा प्रणाली को लगातार मजबूत करेंगे, ताकि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए अवसरों, नए विचारों (इनोवेशन) और उम्मीदों का केंद्र बनी रहे।" - 23 July 2026 12:07 PM IST
16 मेट्रो स्टेशन बंद होने पर सख्त CJI
छात्रों के विरोध प्रदर्शन के कारण दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशनों (समेत सुप्रीम कोर्ट स्टेशन) को बंद किए जाने का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुँच गया है। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) के अध्यक्ष विकास सिंह ने सुबह कोर्ट में बताया कि मेट्रो बंद होने से वकीलों, याचिकाकर्ताओं और कर्मचारियों को अदालत पहुँचने में भारी परेशानी हो रही है।
इस पर संज्ञान लेते हुए चीफ जस्टिस (CJI) सूर्य कांत ने कहा कि अगर दोपहर (लंच) तक इस समस्या का कोई हल नहीं निकलता है, तो वे खुद इसमें हस्तक्षेप करेंगे। CJI ने यह राहत भी दी कि मेट्रो बंद होने की वजह से जो वकील कोर्ट नहीं पहुँच पाए हैं, उनकी अनुपस्थिति के आधार पर मामलों में कोई प्रतिकूल आदेश (Adverse Order) पास नहीं किया जाएगा।बार एसोसिएशन ने सुझाव दिया था कि मेट्रो के निकास द्वार (Exit Point) पर चेकिंग की जाए—जिन वकीलों या कर्मचारियों के पास सुप्रीम कोर्ट का पास या पहचान पत्र (Proximity Card) है, उन्हें ही स्टेशन से बाहर आने दिया जाए और बाकी लोगों को आगे भेज दिया जाए। CJI ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट प्रशासन इस सुझाव पर दिल्ली मेट्रो (DMRC) से बातचीत कर रहा है। - 23 July 2026 12:02 PM IST
"सड़क पर लहूलुहान युवाओं की आंखों में देखें PM"- मल्लिकार्जुन खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल में देश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह खोखली और तबाह हो चुकी है। पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "हमें केवल खोखली सहानुभूति या टुकड़ों में की गई घोषणाओं की जरूरत नहीं है। अपनी तानाशाह सरकार के एयर-कंडीशन शीशमहलों से बाहर निकलिए और उन युवा लड़के-लड़कियों की आंखों में आंखें डालकर देखिए, जो आपकी तानाशाही से लड़ते हुए सड़कों पर लहूलुहान हुए हैं।"
मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीड़ित छात्रों और युवाओं की ओर से केंद्र सरकार के सामने 3 स्पष्ट और प्रमुख मांगें रखी हैं:
शिक्षा मंत्री का इस्तीफा: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत प्रभाव से पद से बर्खास्त किया जाए।अत्याचारों पर माफी: आंदोलनकारी छात्रों पर हुए पुलिसिया अत्याचार और दंडात्मक कार्रवाइयों के लिए सरकार देश के युवाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे।पीड़ितों को न्याय: जिन छात्रों को निशाना बनाया गया है और जिन पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं, उन्हें तुरंत न्याय दिया जाए। - 23 July 2026 11:58 AM IST
राज्यसभा दोपहर 12 बजे तक स्थगित
विपक्षी सांसदों के भारी हंगामे और शोर-शराबे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
- 23 July 2026 11:55 AM IST
CJP संस्थापक अभिजीत दीपके की तबीयत बिगड़ी
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपनी खराब सेहत की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें तेज बुखार है और पूरे शरीर में बहुत दर्द हो रहा है। इसके बावजूद वे पेनकिलर (दर्द निवारक दवाएं) खाकर काम में जुटे हुए थे।
अभिजीत ने कहा, "अगर आज आप मुझे जंतर-मंतर पर न देखें तो इसके लिए मैं माफी चाहता हूँ। मुझे ठीक होने के लिए कुछ घंटे आराम करने की सख्त जरूरत है। मैं आराम करके शाम तक वापस आंदोलन स्थल पर पहुँच जाऊँगा।" - 23 July 2026 11:08 AM IST
CJP का PM मोदी को जवाब, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा चाहिए तो चाहिए
पेपर लीक की धांधली पर रोक लगाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भले ही 'फास्ट-ट्रैक कोर्ट' गठित करने का बड़ा भरोसा दिया हो, लेकिन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अपने रुख पर कायम है। पार्टी ने पीएम के ऐलान का जवाब देते हुए दो टूक कहा है कि उन्हें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कम कुछ भी मंजूर नहीं है।
गौरतलब है कि इसी सोमवार को CJP के नेतृत्व में संसद की तरफ निकाले गए पैदल मार्च के दौरान अचानक माहौल बिगड़ गया था और झड़प हो गई थी। केवल CJP ही नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी भी लगातार सड़कों पर उतरकर शिक्षा मंत्री के तुरंत इस्तीफे की मांग पर अड़ी हुई है। - 23 July 2026 10:57 AM IST
फास्ट-ट्रैक कोर्ट से मिलेगी दोषियों को कड़ी सजा- PM मोदी
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के अगुवाई में जारी विरोध प्रदर्शन के बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से एक अहम संदेश सामने आया है। युवाओं के सुनहरे भविष्य को अपनी पहली प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने साफ कर दिया है कि पेपर लीक करने वालों के खिलाफ अब ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक X (ट्विटर) हैंडल से पोस्ट शेयर करते हुए जानकारी दी कि पेपर लीक के मामलों की तेजी से सुनवाई और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट-ट्रैक अदालतें (Fast-track Courts) बनाई जाएंगी। प्रधानमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि देश के नौजवानों के हक और उनके भविष्य के साथ धोखा करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। - 23 July 2026 8:23 AM IST
कब तक लागू रहेंगी मेट्रो की पाबंदियाँ
DMRC ने साफ किया है कि स्टेशनों को बंद रखने का यह आदेश "अगली सूचना तक" लागू रहेगा। जंतर-मंतर पर हालात सामान्य होने और सुरक्षा एजेंसियों से हरी झंडी मिलने के बाद ही इन स्टेशनों को दोबारा आम जनता के लिए खोला जाएगा। सुरक्षा एजेंसियाँ पल-पल के हालात पर नज़र बनाए हुए हैं और मध्य दिल्ली में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
Next Story

