
IndVsPak,T-20 वर्ल्ड कप: भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह हराया, सुपर-8 में पहुंचा, ईशान किशन मैन ऑफ द मैच
भारत-पाकिस्तान के बीच T-20 वर्ल्ड कप का हाईवोल्टेज मुकाबला भारत ने अपने नाम कर लिया। कोलंबो में खेले गए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से शिकस्त दे डाली।
भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो में खेले गए हाईवोल्टेज मुकाबले को टीम इंडिया ने लगभग एकतरफा बना दिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया इस टी-20 वर्ल्ड कप में सुपर-8 में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है।
Live Updates
- 15 Feb 2026 11:13 PM IST
भारत ने पाकिस्तान के सामने 20 ओवरों में 176 बनाने का टारगेट दिया था। लेकिन पाकिस्तान की पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन बनाकर आउट हो गई। भारतीय गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान की बल्लेबाजी इस कदर दयनीय रही कि उसके 7 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। उन्होंने सिर्फ सिंगल डिजिट में रन बनाए। सिर्फ उस्मान खान ने ही कुछ हाथ दिखाकर 44 रन बनाए। उनके अलावा पाकिस्तान की तरफ से दूसरे बड़े स्कोरर रहे तेंज गेंदबाज शाहीनशाह अफरीदी, जिन्होंने 23 रन बनाए। हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट झटके, जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को एक-एक विकेट मिला।
भारत की पारी में सबसे ज्यादा 77 रन की उपयोगी पारी खेलने वाले ईशान किशन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 3 छक्के लगाए। पाकिस्तान पर इस जीत के साथ ही भारत टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है।
- 15 Feb 2026 9:47 PM IST
12 ओवरों के खेल में पाकिस्तान के 7 विकेट गिर चुके हैं। मोहम्मद नवाज कुलदीप यादव की गेंद पर बाउंड्री पर शिवम दुबे के हाथों लपके गए। जबकि सातवें बल्लेबाज शादाब खान को तिलक वर्मा की गेंद पर शिवम दुबे ने ही कैच किया।
- 15 Feb 2026 9:42 PM IST
11वें ओवर में पाकिस्तान की आधी टीम पैवेलियन लौट चुकी है। बढ़िया बल्लेबाजी कर रहे उस्मान खान 44 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें अक्षर पटेल की गेंद पर इशान किशन ने स्टंम्प कर दिया।
- 15 Feb 2026 9:39 PM IST
पाकिस्तान की पारी के 20 में से 10 ओवर हो चुके हैं। स्कोर है 71 रन पर चार विकेट।
- 15 Feb 2026 9:24 PM IST
176 रनों का पीछा कर ही पाकिस्तानी टीम को शुरुआत में ही बड़े झटके लग गए। पांचवें ओवर में ही उसके चार विकेट आउट हो गए। साहिबजादा फरहान को पहले ही ओवर हार्दिक पांड्या ने रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया। फरहान खाता भी नहीं खोल पाए। साएम अयूब को दूसरे ही ओवर में जसप्रीत बुमराह ने एलबीडब्ल्यू आउट करा दिया। उन्होंने 6 रन बनाए। इसी ओवर में बुमराह ने कप्तान सलमान आगा को पांड्या के हाथों लपकवाया। आगा सिर्फ 4 रन ही बना पाए। बाबर आजम अक्षर पटेल के पहले ही ओवर में बोल्ड हो गए। उन्होंने सिर्फ 4 रन बनाए।
पहले पावर प्ले में पाकिस्तान का स्कोर है 6 ओवर में 4 विकेट पर 38 रन। उस्मान खान और शादाब खान क्रीज पर हैं।
- 15 Feb 2026 8:57 PM IST
पाकिस्तान का पहले ही ओवर में पहला विकेट गिर गया। साहिबजादा फरहान को हार्दिक पांड्या की गेंद पर रिंकू सिंह ने लपका। फरहान जीरो पर आउट हुए।
- 15 Feb 2026 8:43 PM IST
भारत ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। कोलंबो के प्रेमादासा स्टेडियम की धीमी पिच पर भारतीय बल्लेबाजों को पाकिस्तानी स्पिनरों के सामने रन बनाने में खासी दिक्कत हुई। पाकिस्तान ने 7 गेंदबाजों से गेंदबाजी कराई और जिनमें 20 ओवरों में से 18 ओवर तो सिर्फ स्पिनरों ने ही किए। सिर्फ ईशान किशन ही ऐसे बल्लेबाज थे जिन्होंने बड़़ी साहसिक पारी खेली और सिर्फ 40 गेंदों पर ताबड़तोड़ 77 रन बनाए। जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे।
ईशान किशन के अलावा सूर्य कुमार यादव ने 29 गेंदों में 32 रन, तिलक वर्मा ने 24 गेंदों में 25 रन, शिवम दुबे ने 17 गेंदों में 27 रन, रिंकू सिंह ने 4 गेंद में 11 रन बनाए। जबकि अभिषेक शर्मा, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल बगैर खाता खोले आउट हो गए।
पाकिस्तान की तरफ से स्पिनर साइम अयूब ने 4 ओवर में 25 रन देकर सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके।
- 15 Feb 2026 8:14 PM IST
भारत का चौथा विकेट गिरा। तिलक वर्मा 25 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू और हार्दिक पांड्या कैच आउट आउट हो गए। 15वें ओवर में 126 रन पर भारत के 4 विकेट आउट।
- 15 Feb 2026 8:10 PM IST
#IndvsPak T20 वर्ल्ड कप स्कोर अपडेट : भारत 14 ओवर में 125/2। ईशान किशन 77 रन और अभिषेक जीरो पर आउट हो चुके हैं। सूर्य कुमार यादव और तिलक वर्मा क्रीज़ पर
- 15 Feb 2026 7:46 PM IST
भारत का दूसरा विकेट 88 रन पर गिरा। ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे ईशान किशन 77 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 40 गेंदों में 10 चौके और 3 छक्के के साथ ये रन बनाए। वो साइम अयूब की गेंद पर बोल्ड हुए।

