संसद मार्च और नड्डा से मुलाकात के बाद CJP का तीखा हमला: मोदी हटाओ, देश बचाओ
x

संसद मार्च और नड्डा से मुलाकात के बाद CJP का तीखा हमला: 'मोदी हटाओ, देश बचाओ'

NEET पेपर लीक और बेरोजगारी के विरोध में CJP ने संसद के मानसून सत्र के पहले दिन 20 जुलाई को 'चलो संसद' मार्च का आह्वान किया है। देशभर से पहुंचे हजारों छात्रों और अभिभावकों के जंतर-मंतर पर जुटने के बाद दिल्ली पुलिस ने इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है और सुरक्षा के कड़े थ्री-टियर इंतजाम किए हैं।


NEET परीक्षा धांधली और भयंकर बेरोजगारी के मुद्दे पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। आज से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र के पहले ही दिन CJP ने 'चलो संसद' मार्च की हुंकार भरी है। इस आंदोलन में हिस्सा लेने के लिए देश के कोने-कोने से छात्र, युवा जंतर-मंतर पर एकत्र होने लगे हैं। संसद घेराव की इस चेतावनी से प्रशासन में हड़कंप मचा है। दिल्ली पुलिस और खुफिया एजेंसियां सतर्क हैं और जंतर-मंतर पर त्रिस्तरीय (Three-tier) सुरक्षा का सख्त पहरा लगा दिया गया है। इस आंदोलन की पल-पल की अपडेट के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ

Live Updates

  • 20 July 2026 6:23 PM IST

    CJP के 'चलो संसद' मार्च में शामिल हुईं दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी

    दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी सोमवार को दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'चलो संसद' मार्च में शामिल हुईं। उन्होंने परीक्षाओं में हुई कथित धांधली और अनियमितताओं के खिलाफ जवाबदेही तय करने तथा देश की शिक्षा प्रणाली में ठोस सुधारों की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों का खुलकर समर्थन किया।

  • 20 July 2026 5:59 PM IST

    दिल्ली पुलिस का खंडन: सोनम वांगचुक की पत्नी के साथ नहीं हुई मारपीट

    दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर चल रहे उन दावों और आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि जारी प्रदर्शन के दौरान पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंगमो के साथ पुलिसकर्मियों ने मारपीट की या उनके बाल खींचे।

    पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही ये खबरें पूरी तरह से बेबुनियाद और झूठी हैं। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मानक प्रक्रियाओं का ही पालन किया गया था।

  • 20 July 2026 5:56 PM IST

    CJP का सरकार पर हमला तेज, दिया 'मोदी हटाओ, देश बचाओ' का नारा

    नीट-यूजी (NEET-UG) 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक और धांधली के खिलाफ जारी देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर अपने हमले और तीखे कर दिए हैं। सोमवार को पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (ट्विटर) पर "मोदी हटाओ, देश बचाओ" का नया नारा पोस्ट कर राजनीतिक पारा चढ़ा दिया।

    संसद के मानसून सत्र के पहले दिन जंतर-मंतर से लेकर विजय चौक और रेल भवन तक चले भारी प्रदर्शन के बाद CJP का यह कदम सरकार के खिलाफ आंदोलन को और आक्रामक बनाने का संकेत देता है।

    लाखों छात्रों और युवाओं से जुड़े नीट घोटाले को लेकर पार्टी शुरुआत से ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है। CJP नेताओं का कहना है कि लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य दांव पर लगा है और सरकार जिम्मेदारी तय करने के बजाय लीपापोती में जुटी है। संसद मार्च के दौरान हुए पुलिस एक्शन और लाठीचार्ज के बाद पार्टी ने अब सीधे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए अपने आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर धार देना शुरू कर दिया है।


    t>


  • 20 July 2026 5:07 PM IST

    'सरकार ने प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों के साथ की चर्चा'

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सोमवार को कहा कि सरकार ने प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की है और उनकी मांगों को सुना है।



  • 20 July 2026 4:34 PM IST

    CJP प्रतिनिधिमंडल ने जेपी नड्डा से की मुलाकात, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े

    कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने सोमवार को बताया कि पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी प्रमुख मांगे रखी हैं। CJP नेताओं ने नीट परीक्षा में हुई कथित धांधली की जिम्मेदारी तय करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत पद से हटाने या उनका इस्तीफा लेने की अपनी मुख्य मांग को प्रमुखता से दोहराया। सौरव दास के अनुसार, बैठक के दौरान सरकार के सामने छात्रों के भविष्य और आंदोलन से जुड़े सभी मुद्दों को स्पष्ट रूप से रखा गया है।



  • 20 July 2026 4:06 PM IST

    CJP प्रवक्ता सौरव दास का बयान: अभिजीत दीपके न हिरासत में हैं और न ही गिरफ्तार

    कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने सोमवार को स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके इस समय न तो पुलिस हिरासत में हैं और न ही उन्हें गिरफ्तार किया गया है।




  • 20 July 2026 3:32 PM IST

    जंतर-मंतर पहुंचीं सपा सांसद डिंपल यादव के हाथ में लगी चोट

    नीट परीक्षा धांधली के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों को अपना समर्थन देने समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव जंतर-मंतर पहुंचीं। प्रदर्शन स्थल पर हुई भारी धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी के दौरान उनके हाथ में चोट लग गई।

    इसके बावजूद उन्होंने छात्रों का हौसला बढ़ाया और पुलिसिया कार्रवाई की कड़ी निंदा की। डिंपल यादव ने सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज बेहद शर्मनाक है। उन्होंने संसद में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने और पीड़ित छात्रों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

  • 20 July 2026 3:07 PM IST

    CJP का दावा: अभिजीत दीपके को हिरासत में लिया

    कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस ने उनके संस्थापक अभिजीत दीपके को हिरासत में ले लिया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने 'X' (ट्विटर) पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जब पार्टी प्रतिनिधिमंडल की केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के साथ बैठक चल रही थी, उसी दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की और अभिजीत दीपके को उठा लिया। सौरव दास ने सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बर्बरता का आरोप लगाते हुए सभी सांसदों से तुरंत उनके समर्थन में आगे आने और संसद में आवाज उठाने की अपील की है।



  • 20 July 2026 2:40 PM IST

    संसद के करीब से हटाए गए प्रदर्शनकारी

    संसद भवन के बेहद करीब स्थित रेल भवन इलाके से ताजा तस्वीरें सामने आई हैं, जहाँ सुरक्षा बलों की सख्त कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारियों को धीरे-धीरे खाली कराया जा रहा है।

    'चलो संसद' मार्च के तहत बैरिकेड्स तोड़कर पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और अन्य प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया। आंसू गैस के गोलों और पुलिस की सख्त नाकेबंदी के बाद अब प्रदर्शनकारी पीछे हटने पर मजबूर हो गए हैं, जिससे रेल भवन और विजय चौक के आसपास यातायात और स्थिति को फिर से नियंत्रित किया जा रहा है।



  • 20 July 2026 2:37 PM IST

    लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 3 बजे तक टली

    परीक्षा पेपर लीक (NEET धांधली), शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और राम मंदिर में चढ़ावे और दान की कथित चोरी व घपलेबाजी जैसे विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विपक्षी सांसदों ने जमकर प्रदर्शन किया। हंगामे को देखते हुए राज्यसभा की कार्यवाही को दिनभर के लिए स्थगित कर दिया गया है, जबकि लोकसभा को दोपहर 3 बजे तक के लिए टाल दिया गया है।

Read More
Next Story