नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 332 पहुंची, 288 भारतीय लापता
x

नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 332 पहुंची, 288 भारतीय लापता

नेपाल में विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। कई इलाकों में घर, सड़कें और पुल प्रभावित हुए हैं, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। नेपाल से जुड़ी हर बड़ी अपडेट के लिए पढ़ें हमारा लाइव ब्लॉग।


नेपाल में 26 अगस्त को आई विनाशकारी फ्लैश फ्लड ने हिमालयी सीमा क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। नेपाल-चीन सीमा से लगे इलाकों में अचानक आई बाढ़ और मलबे के सैलाब ने घरों, सड़कों, पुलों और बिजली परियोजनाओं को नुकसान पहुंचाया है। शुरुआती जांच में इस आपदा के पीछे ग्लेशियर के ढहने और उससे पैदा हुए मलबे के बहाव को प्रमुख कारण माना जा रहा है। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है, जबकि प्रभावित इलाकों में हालात पर नजर रखी जा रही है।

Live Updates

  • 27 Aug 2026 5:13 PM IST

    नेपाल बाढ़, मृतकों की संख्या 332 हुई

    नेपाल की विनाशकारी बाढ़ से मरने वालों वालों की संख्या बढ़कर 332 हो गई है। काठमांडू पोस्ट के मुताबिक नेपाली पुलिस के प्रवक्ता एबी नारायण काफ्ले ने इसकी पुष्टि की है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, चितवन में 121, नवलपरासी ईस्ट में 74, धाडिंग और गोरखा में 29-29, नुवाकोट में 28, तनहुन में 19, रसुवा में 17 और नवलपरासी वेस्ट में 15 शव बरामद किए गए।

  • 27 Aug 2026 3:59 PM IST

    तमिलनाडु के 21 लोगों को बचाया - विदेश मंत्रालय

    दिल्ली: विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "हमने तमिलनाडु के 21 भारतीय नागरिकों को बचाया है... हमें जानकारी मिली है कि मानसरोवर यात्रा पर गए कई भारतीय नागरिक चीन की तरफ फंसे हुए हैं... वहां लगभग 200 भारतीय नागरिक हैं जिन्होंने वहां से निकलने के लिए हमसे मदद मांगी है। इनमें से 95 गारचन में हैं और अभी नेपाल में दाखिल होने के लिए बिल्सा की ओर बढ़ रहे हैं। चार लोग जीलोंग शहर में हैं, 13 ज़ुटुलपो में हैं, और वे सागा शहर के रास्ते पर हैं... स्थिति लगातार बदल रही है..."



  • 27 Aug 2026 3:55 PM IST

    288 भारतीयों से नहीं हो पा रहा संपर्क - विदेश मंत्रालय

    दिल्ली: विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "...भारत के प्रधानमंत्री ने कल नेपाल के प्रधानमंत्री से बात की, गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि भारत नेपाल के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है व हर संभव मदद का प्रस्ताव भी दिया। 288 भारतीय नागरिकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। इनमें 73 भारतीय नागरिक शामिल हैं जो त्रिशूली वन पावर प्रोजेक्ट में काम कर रहे हैं। काठमांडू में हमारा दूतावास इन लोगों के बारे में और जानकारी पाने के लिए प्रोजेक्ट हेड के संपर्क में है..."



  • 27 Aug 2026 2:03 PM IST

    तमिलनाडु के सीएम ने राहत कार्यों की समीक्षा की

    चेन्नई | तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने बुधवार को नेपाल त्रासदी के बाद राहत कार्यों की समीक्षा के लिए एक बैठक की। मुख्यमंत्री ने TN हाउस, नई दिल्ली के रेजिडेंट कमिश्नर आशीष कुमार को एक टीम के साथ काठमांडू जाने का निर्देश दिया, ताकि वे नेपाली अधिकारियों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्यों की देखरेख कर सकें और बचे हुए लोगों की सुरक्षित वापसी में मदद कर सकें।

    मुख्यमंत्री ने चार मंत्रियों को दिल्ली जाने का भी निर्देश दिया है, ताकि वे केंद्र सरकार के साथ मिलकर बचाव और राहत कार्यों का समन्वय और निगरानी कर सकें, बचाए गए लोगों की सुरक्षित और जल्द वापसी में मदद कर सकें और तुरंत ज़रूरी मेडिकल सहायता उपलब्ध करा सकें।



  • 27 Aug 2026 1:31 PM IST

    300 भारतीय लापता : नेपाल विदेश मंत्री

    एनडीवी के मुताबिक नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने कहा, "भारतीयों समेत विदेशी नागरिक मानसरोवर यात्रा के लिए बाढ़ प्रभावित इलाके से होकर जाते हैं। लगभग 300 भारतीयों के लापता होने की खबर है और सरकार उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रही है।"

  • 27 Aug 2026 1:18 PM IST

    नेपाल में 178 भारतीय लापता

    नेपाल के राष्ट्रीय पर्यटन बोर्ड के अनुसार, रसुवा और नुवाकोट ज़िलों में भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों में अचानक आई बाढ़ के बाद 178 भारतीय लापता हैं।



  • 27 Aug 2026 12:07 PM IST

    भारत ने बाढ़ प्रभावित नेपाल की मदद के लिए भेजी दूसरी फ्लाइट

    गाजियाबाद: हिंडन से बुधवार को दूसरी फ्लाइट (IAF का C-17) ने उड़ान भरी है, जिसमें बाढ़ से तबाह नेपाल के लिए 37.5 टन मानवीय सहायता और आपदा राहत (HADR) सामग्री, दवाइयां व खाने के पैकेट हैं।



  • 27 Aug 2026 11:43 AM IST

    बिहार में हालात अब सामान्य हो रहे हैं : सीएम सम्राट चौधरी

    नेपाल में बाढ़ के बाद अब बिहार पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बाढ़ की स्थिति का मुआयना करने के लिए बगहा (बिहार-UP बॉर्डर) के वाल्मीकि बैराज पहुंचे। उन्होंने कहा, "स्थिति अब सामान्य हो रही है। 



  • 27 Aug 2026 11:41 AM IST

    अब तक 165 लाशें बरामद की गईं

    नेपाल के नेशनल डिज़ास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी ने नेपाल-चीन बॉर्डर पर रसुवागढ़ी में भोटेकोशी बाढ़ पर कहा, "बाढ़ प्रभावित इलाकों से अब तक 165 लाशें बरामद की गई हैं; पहचान का काम जारी है। नेपाल टूरिज्म बोर्ड के शुरुआती डेटा के मुताबिक, प्रभावित इलाके से कुल 579 यात्री (466 विदेशी और 113 नेपाली) लापता हैं।



  • 27 Aug 2026 10:22 AM IST

    500 लोग लापता

    मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विनाशकारी बाढ़ से लगभग 500 लोग लापता हुए हैं जिनमें कम से कम 133 भारतीय और 37 NRI शामिल हैं।

Read More
Next Story